नईदिल्ली,01 दिसंबर (आरएनएस)। पहाड़ी राज्यों में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के कारण बर्फीली हवाएं कमजोर पडऩे से उत्तर भारत में शीतलहर से थोड़ी राहत मिली हुई है। यह सिस्टम 2-3 दिसंबर को आगे बढ़ जाएगा, जिसके बाद ठंडी हवाएं चलने से हांड कंपा देने वाली सर्दी पडऩे के आसार हैं। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, आने वाले दिनों में राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में सर्दी तेज होने का अनुमान जताया है। इस दौरान भी शीतलहर चलेगी।
हिमाचल प्रदेश में शिमला, कुफरी, लाहौल-स्पीति और रोहतांग पास बर्फ की चादर बिछ गई है, वहीं 15 शहरों का तापमान 5 डिग्री से नीचे पहुंच गया। यहां 4-5 दिसंबर को बारिश-बर्फबारी का अलर्ट है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर में गुलमर्ग, पहलगाम, सोनमर्ग और उत्तराखंड के औली, केदारनाथ घाटी, चोपता में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है। ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान माइनस 10 डिग्री तक गिर गया, जिससे नदी-नाले जमने लगे हैं। केदारनाथ में तापमान -14 डिग्री दर्ज किया गया।
चक्रवात दितवाह अब कमजोर होकर रविवार रात एक गहरे अवदाब में बदल गया। साथ ही बुधवार सुबह तक और कमजोर होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार सुबह तक यह सिस्टम बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में, उत्तरी तमिलनाडु और पुडुचेरी के तट से करीब 20 किलोमीटर दूर रहेगा। इसके प्रभाव से तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी में बारिश होने की संभावना है। इसके प्रभाव के कारण मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
राजस्थान में रविवार को कई शहरों में रात का तापमान 1-3 डिग्री तक गिर गया। यहां झुंझुनूं और सीकर जिलों में 3-4 दिसंबर को शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश में नवंबर में रिकॉर्ड तोड़ सर्दी पड़ी है। भोपाल में पारा 5.2 डिग्री पहुंच गया, जो 84 साल में सबसे कम रहा। आगामी दिनों में कई शहरों में शीतलहर चलने के आसार हैं। बिहार में चक्रवात दितवाह के कारण सोमवार को कई जिलों में बादल छाए रहेंगे।
दिल्ली में रविवार नवंबर का सबसे ठंडा दिन रहा। इस दौरान अधिकतम तापमान 24.3 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले इस सीजन का सबसे कम अधिकतम तापमान 25 डिग्री रहा था। दिसंबर की शुरुआत भी कड़ाके की ठंड के साथ होने की उम्मीद है। 1 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री तक गिर सकता है, जबकि अधिकतम लगभग 23 डिग्री रहेगा। उत्तर प्रदेश में भी सर्दी तेजी से बढ़ेगी और रात का तापमान 7 डिग्री से नीचे जा सकता है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

