मुंबई,01 दिसंबर। भारतीय शेयर बाजार ने सोमवार को शानदार शुरुआत की. बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी शुरुआती कारोबार में सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गए. निवेशकों का उत्साह क्यू2 वित्त वर्ष 26 की जीडीपी ग्रोथ 8.2 प्रतिशत के आंकड़ों से बढ़ा, जो उम्मीद से अधिक रही.
सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 452.35 अंक बढ़कर 86,159.02 अंक पर पहुंच गया. एनिफ्टी भी 122.85 अंक की तेजी के साथ 26,325.80 अंक पर कारोबार कर रहा था.
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में सबसे अधिक लाभ में रहे— अदाणी पोर्ट्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, इटर्नल, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, भारतीय स्टेट बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक. वहीं, नुकसान में रहे—आईटीसी, बजाज फाइनेंस, टाइटन और टेक महिंद्रा.
एशियाई बाजारों में चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग सकारात्मक रहे, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी और जापान का निक्केई 225 गिरावट में रहे. अमेरिकी बाजार शुक्रवार को मजबूत सेंटीमेंट के साथ बंद हुए थे, जिससे घरेलू बाजार पर भी सकारात्मक असर पड़ा.
बैंकिंग शेयरों में जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली और बैंक निफ्टी पहली बार 60,000 के ऊपर निकल गया, जिससे मार्केट में एक और ऐतिहासिक रिकॉर्ड जुड़ गया.
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड तेल सोमवार को 1.62 प्रतिशत की तेजी के साथ 63.39 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा. तेल की कीमतों में वृद्धि से ऊर्जा और मेटल सेक्टर के शेयरों को सहारा मिला.
शेयर बाजार आंकड़ों के अनुसार,विदेशी संस्थागत निवेशक शुक्रवार को बिकवाल रहे और उन्होंने 3,795.72 करोड़ रुपये के शेयर बेचे. वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशक खरीदारी में आगे रहे और उन्होंने 4,148.48 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे.
विश्लेषकों का कहना है कि क्यू2 जीडीपी ग्रोथ और मजबूत कॉरपोरेट प्रदर्शन के चलते बाजार सकारात्मक रुख बनाए रख सकता है. हालांकि, निवेशकों को सही सेक्टर और शेयर चयन में सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है. इस रिकॉर्ड ओपनिंग से यह संकेत मिलता है कि भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत है और निवेशकों का भरोसा लौट रहा है. आगामी हफ्तों में बाजार की दिशा जीडीपी आंकड़ों, वैश्विक बाजार और कच्चे तेल की कीमतों पर निर्भर करेगी.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

