पटना,02 दिसंबर (आरएनएस)। बिहार के विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव हो गया है। मंगलवार को सर्वसम्मति से भाजपा के डॉक्टर प्रेम कुमार को स्पीकर चुना गया है। उनके चयन की औपचारिक घोषणा के बाद सदन में हर-हर महादेव और जय श्रीराम के नारे लगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव प्रेम को अध्यक्ष की कुर्सी तक ले गए और उनको बैठाया। नीतीश कुमार ने प्रेम के चयन पर सभी नवनिर्वाचित विधायकों को बधाई दी है।
गयाजी के रहने वाले प्रेम कहार जाति से हैं। वे चंद्रवंशी समुदाय से आते हैं। उनके परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और बेटी हैं। दोनों की शादी हो चुकी है। उनका बेटा भी भाजपा से जुड़ा है, जो भारतीय जनता युवा मोर्चा में पदाधिकारी है। प्रेम सहज और अपने इलाके में हमेशा उपलब्ध रहने वाले नेता माने जाते हैं। यही कारण है कि पिछले 35 साल से प्रेम लगातार चुनाव जीत रहे हैं।
वर्ष 1990 से 65 वर्षीय प्रेम लगातार चुनाव जीत रहे हैं। इस बार उन्होंने मुख्य प्रतिद्वंद्वी, कांग्रेस के अखौरी ओनकार नाथ को 26,423 वोट से हराया था। कुमार को 90,878 वोट मिले थे। प्रेम ने 1990 के बाद 1995, 2000, 2005 और इसके बाद फिर हुए 2005 के चुनाव में जीत दर्ज की। फिर 2010, 2015, 2020 और 2025 में भी चुनाव जीता है। प्रेम कृषि, पशुपालन, पर्यटन, सहकारिता, आपदा प्रबंधन, पर्यावरण विभाग संभाल चुके हैं।
बिहार की गया सीट पर कभी कांग्रेस का वर्चस्व था, जिसे 1990 में प्रेम ने तोड़ दिया। जब बिहार में भाजपा अपनी जगह बना रही थी, तब प्रेम ने पार्टी का साथ दिया और आज तक उनका साथ जारी है। 1990 से पार्टी ने अपना गयाजी टाउन से उम्मीदवार नहीं बदला है और जनता का भी साथ बना रहा। अपने पहले चुनाव में प्रेम ने कम्युनिस्ट पार्टी के शकील अहमद खान को करीब 5,000 वोट से हराया था।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

