शाहजहांपुर,02 दिसंबर (आरएनएस)। यौन उत्पीडऩ के मामले में दोषी कथावाचक आसाराम इलाज के लिए जमानत पर है. आसाराम की जमानत के खिलाफ यूपी की पीडि़ता के पिता ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. आसाराम को दोबारा सलाखों के पीछे भेजने के लिए पीडि़ता के पिता ने सुप्रीम कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया है. कहा है कि आसाराम को कोई बीमारी नहीं है, फिर विशेष ट्रीटमेंट क्यों दिया जा रहा है?
शाहजहांपुर के रहने वाले पीडि़ता के पिता ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में याचिका बेल खारिज करने के लिए दी है. आसाराम बीमारी का बहाना कर अपने लोगों के साथ मिलता-जुलता है, सत्संग करता है. अगर कोई बीमारी है तो जेल में डॉक्टर से इलाज कराया जाए. और भी कैदी बीमार होते हैं तो वह जेल में ही इलाज करवाते हैं. आसाराम को क्यों विशेष ट्रीटमेंट दिया जा रहा है? विशेष रियायत क्यों दी जा रही है? इसलिए सुप्रीम कोर्ट में अपील की है कि शुक्रवार को सुनवाई हो. आसाराम के के बाहर रहने से मेरे पूरे परिवार को जान का खतरा है. सारे गवाहों को खतरा है.
पीडि़ता के पिता ने कहा कि पहले सुरेशानंद और भोलानंद, अब गवाह राहुल सचान गवाह भी गायब है. ऐसे खतरनाक आदमी को बाहर रखना ठीक बात नहीं है. कोर्ट से निवेदन है कि बेल खारिज की जाए. कोर्ट से मांग है कि आसाराम को जेल में रहकर ही इलाज किया जाए, अगर वह बीमार है तो. बता दें कि आसाराम की यह चौथी बार जमानत अवधि बढ़ाई गई है.
००

