सीहोर 2 दिसंबर (आरएनएस)।शहर के बीएसआई मैदान पर इन दिनों अंडर-18 टीम का अभ्यास सत्र चल रहा है। सीहोर की टीम आगामी 8 दिसंबर को विदिशा में खेली जाने वाली जिला स्तरीय क्रिेट प्रतियोगिता के लिए रवाना होगी। वहीं मंगलवार को अभ्यास सत्र के दौरान भोपाल अंकुर अकादमी की टीम को सीहोर अंडर-18 की टीम ने आठ विकेट से हराया। इसमें सीहोर के उभरते स्पिन गेंदबाज देवेन्द्र ने पांच विकेट लिए, वहीं निर्मल ने 52 रन और दीपेश सेन ने 48 रन बनाए थे। वहीं टीम के कप्तान नवनीत सोनी ने शानदार बल्लेबाजी की। इस मौके पर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष विधायक सुदेश राय, सचिव अतुल तिवारी, कोषाध्यक्ष वीरु वर्मा, नागेन्द्र व्यास, मदन कुशवाहा आदि ने टीम को बधाई दी।
डीसीए के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि मंगलवार को पहले बल्लेबाजी करने उतरी भोपाल की अंकुर अकादमी की पूरी टीम 114 रन पर सिमटी गई। सीहोर अंडर-18 टीम की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए लेफ्ट आर्म स्पिन गेंदबाज देवेन्द्र ने पांच विकेट, कप्तान नवनीत सोनी, सक्षम, फरहान, राजा, दीपेश सेन ने एक-एक विकेट हासिल किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीहोर की टीम ने दीपेश सेन की 48 रन, निर्मल की 52 रन की विस्फोटक पारियों की मदद से आठ विकेट से यह मैच जीता।
सीहोर-अंडर-18 की टीम शुरू से ही खेल के हर क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करती नजर आई। शुरू में सीहोर टीम के कप्तान नवनीत सोनी ने गेंदबाजी करते हुए अपनी टीम को सफलता दिलाई थी, इसके पश्चात देवेन्द्र ने अपनी स्पिन गेंदबाजी के बल पर पांच विकेट हासिल किए। इसके अलावा लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम के दीपेश सेन और निर्मल ने भी विस्फोटक बल्लेबाजी की।

