मुख्यमंत्री का ऐलान एसआईआर सम्बंधी मौत होने पर 2 लाख की मदद मिलेगी
कोलकाता,02 दिसंबर (आरएनएस)। बंगाल में जारी एसआईआर को लेकर तमाम तरह की बाते हो रही है। इसी बीच राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज आरोप लगाया कि, इस राज्य में एसआईआर 39 लोगों की मौत हुई है। एसआईआर के दहशत की वजह से बीएलओ समेत बंगाल के 13 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। मुख्यमंत्री ने आज राज्य सचिवालय नवान्न में मीडिया कर्मियों के साथ बातचीत में उक्त चिंता जताई। उन्होंने कहा कि, मरने वालों के परिजनों को 2 लाख रुपये दिए जाएंगे। जबकि अस्वस्थ्य को 1 लाख रुपये मिलेंगे। सीएम ममता ने कहा, अगर घटना दुर्घटना में मौत होने पर मदद मिलती है, तो इन्हें क्यों नहीं मिलेगा ? एसआईआर के काम कर रही महिलाओं को लेकर सीएम ने आगे कहा कि, हमें याद रखना चाहिए कि महिलाएं परिवार से लेकर और सरकार भी चलाती हैं। सीएम ममता ने केंद्र सरकार से अपील की कि वह विवाद के मुद्दों पर पश्चिम बंगाल सरकार के साथ बातचीत करे, न कि एकतरफ़ा निर्देश जारी करे, जैसा कि आज़ादी से पहले ब्रिटिश शासक करते थे। मुख्यमंत्री ने कहा, कोई भी ज़बरदस्ती का निर्देश न दें जिससे आम लोगों को तकलीफ़ हो। लेकिन फिर भी, अगर आप ऐसा करते हैं, तो राज्य सरकार जहां तक हो सकेगा आम लोगों की मदद करेगी। हम सिफऱ् लोगों, लोकतंत्र और भारतीय संविधान के प्रति जवाबदेह हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल में सांप्रदायिक राजनीति के लिए कभी जगह नहीं थी और न ही कभी होगी। उन्होंने कहा, मैंने हमेशा सेक्युलर पॉलिटिक्स में विश्वास किया है और भविष्य में भी सेक्युलर रास्ते पर ही चलूंगी। ममता बनर्जी ने दावा किया कि बंगाल लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और किसी के आगे हम सिर नहीं झुकाते हैं। सीएम केंद्र पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि चुनाव से पहले केन्द्र विपक्ष के पीछे हाथ धोकर पड़ जाती है।
००

