देहरादून,17 जनवरी (आरएनएस)। उत्तराखंड में मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 17 से 23 जनवरी तक मौसम में उतार चढ़ाव का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों के दौरान उत्तराखंड में कुछ जगहों पर शीत दिवस यानी कोल्ड डे की भी संभावना जताई है। बीते 24 घंटे की बात करें तो उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों में पाला पडऩे की स्थितियां देखी गईं।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में 3400 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाली कुछ जगहों पर हल्की से बहुत हल्की बारिश या बर्फबारी होने की संभावना जताई है। वहीं हरिद्वार और उधम सिंह नगर जिले में कुछ जगहों पर घना कोहरा छाने की संभावना है। मौसम विभाग ने 18 जनवरी को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में 3400 मीटर और उससे ज्यादा ऊंचाई वाली कुछ जगहों पर हल्की से बहुत हल्की बारिश या बर्फबारी होने की संभावना जताई है। वहीं हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून जिलों के मैदानी इलाकों में कुछ जगहों पर घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में 19 और 20 जनवरी को बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं जताई है। हालांकि दोनों ही दिन हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून जिलों के मैदानी इलाकों में कुछ जगहों पर घना कोहरा छाने की संभावना है। इसके बाद 21 जनवरी को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ जगहों पर हल्की से बहुत हल्की बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने 22 जनवरी को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ जगहों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई है। बाकी जिलों में मौसम सूखा रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 23 जनवरी को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ जगहों पर बहुत हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई है। इस बीच मैदानी इलाकों में कई जगहों पर कोहरे की समस्या भी जताई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

