बागेश्वर,18 जनवरी (आरएनएस)। धरमघर वन रेंज के धपोलासेरा और भदौरान के बीच के जंगल में रविवार शाम अचानक आग लग गई। आग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पास पहुंचने लगी। वहां से गुजर रहे पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण अपने साथियों के साथ वाहन से उतरे और आग बुझाने में लग गए। आधे घंटे के भीतर उन्होंने आग पर काबू पा लिया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। विधायक ने फोन पर बताया कि रविवार शाम चार बजे वह कांडा से आ रहे थे। इसी बीच धपोलासेरा और भदौरा ग्राम सभा के बीच के जंगल में आग लगी हुई थी। आग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पास पहुंचने लगी। उनके साथ ग्राम प्रधान धपोलासेरा योगेश धपोला, हयात धपोला, महिपाल सिंह धपोला, कुंदन सिंह धपोला, आनंद धपोला, बीरेंद्र सिंह धपोला थे। सभी ने मिलकर आग पर काबू पाया। घास के लूटे भी बचाए। इसी मार्ग पर हयात धपोला के दो स्कूलों की बसें भी मोटर मार्ग पर खड़ी थीं। इनके आस पास भी आग बुझाई। समय पर आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने वन विभाग से अराजक तत्वों पर नजर रखने को कहा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

