बागेश्वर,18 जनवरी (आरएनएस)। उत्तरायणी मेले के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। भारी भीड़ को देखते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। मेला क्षेत्र को जीरो जोन घोषित किया गया है। पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान मोटर वाहन अधिनियम के तहत 40 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई, जबकि गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर तीन वाहनों को मौके पर ही सीज किया गया। थाना कपकोट पुलिस ने चेकिंग के दौरान वाहन चालक कमल बघरी को अत्यधिक नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़ा। चालक को गिरफ्तार कर बोलेरो वाहन सीज किया। इसके साथ ही बम निरोधक दस्ता ने मेला क्षेत्र, संवेदनशील स्थलों, घाटों तथा प्रदर्शनी मैदानों में आधुनिक उपकरणों से सघन चेकिंग की। पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के ने कहा कि मेला क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश न करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस या हेल्पलाइन नंबर 112 पर दें।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

