रुद्रपुर,20 जनवरी (आरएनएस)। नगरपालिका कार्यालय में हंगामा, गाली-गलौज और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष सतेन्द्र कुमार समेत पांच लोगों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई नगरपालिका की अधिशासी अधिकारी (ईओ) प्रतिभा कोहली की तहरीर पर की गई है। मामला ग्राम गोठा में वर्षों से रह रहे लोगों को काबिज भूमि पर भूमिधरी अधिकार देने, गांव में पुलिस चौकी और उप चिकित्सालय की स्थापना की मांग से जुड़ा है। इन तीन सूत्रीय मांगों को लेकर सतेन्द्र कुमार के नेतृत्व में भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने करीब 23 माह तक नगरपालिका कार्यालय परिसर के पार्क में अनिश्चितकालीन धरना दिया था। बाद में तहसीलदार हिमांशु जोशी से हुई वार्ता के बाद दो बिंदुओं पर सहमति बनी थी। इसके तहत सप्ताह में दो दिन गांव में चिकित्सकों की टीम द्वारा कैंप लगाने और पुलिस कर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए गए थे। मंगलवार को सतेन्द्र कुमार अपने समर्थकों के साथ नगरपालिका कार्यालय पहुंचे। इस दौरान धरने के दौरान बनाई गई झोपड़ी हटाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया और तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। सूचना पर तहसीलदार हिमांशु जोशी और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। सतेन्द्र कुमार ने आरोप लगाया कि चिकित्सा टीम केवल एक बार गांव पहुंची, बाद में नियमित रूप से नहीं आई। तहसीलदार ने चिकित्साधिकारी से वार्ता कर सप्ताह में दो बार टीम भेजने के निर्देश दिए, जिसके बाद कार्यकर्ता लौट गए। इधर, ईओ प्रतिभा कोहली ने तहरीर में आरोप लगाया कि झोपड़ी हटाए जाने के दौरान सतेन्द्र कुमार, विशाल सिंह, देवचरन, विजय कुमार और संदीप कुमार समेत अन्य लोग कार्यालय में घुस आए, नारेबाजी और गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। साथ ही पालिका गेट का ताला बंद कर काम रुकवाने की चेतावनी दी गई। सीओ बीएस धौनी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

