भोपाल 23 जनवरी (आरएनएस)।मुख्यमंत्री कन्या निकाह/विवाह योजना के तहत नगर निगम, भोपाल द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर सामूहिक विवाह एवं सामूहिक निकाह कार्यक्रम आयोजित किए गए। जवाहर चौक स्थित जवाहर उद्यान तथा चांदबढ़ स्थित श्रीराम मंदिर में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रमों में महापौर मालती राय ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया। उक्त दोनों स्थलों पर मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत 05-05 जोड़ों के विवाह पूर्ण रीति रिवाज के साथ संपन्न हुए जबकि पालीटेक्निक स्थित हिन्दी भवन में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 10 जोड़ों के विवाह संपन्न हुए। इस्लामी गेट ग्राउंड में आयोजित सामूहिक निकाह कार्यक्रम में 176 जोड़ों के निकाह संपन्न हुए। शहर काजी सैयद मुस्ताक अली नदवी ने खुतवा देकर निकाह की औपचारिकताएं पूर्ण कराई। इस प्रकार मुख्यमंत्री कन्या निकाह/विवाह योजना अंतर्गत कुल 196 जोड़े विवाह सूत्र में बंधे।
मुख्यमंत्री कन्या निकाह योजना के अंतर्गत आयोजित सामूहिक विवाह/निकाह कार्यक्रम में जोन अध्यक्ष शीबा मसूद, पार्षद डा. रेहान सिद्दीकी, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष एम.एजाज खान के अलावा असद मसूद, जाहिद खान, तौफिक अहमद सहित बड़ी संख्या में वर-वधूओं के परिजन एवं गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

