भोपाल 23 जनवरी (आरएनएस)।निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे नाला निर्माण एवं सीमेंट क्रांकीटीकृत सड़क निर्माण तथा पैवर ब्लॉक लगाने के कार्यों का औचक निरीक्षण किया और कार्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की। श्रीमती जैन ने सभी निर्माण कार्यों को मानक स्तर की गुणवत्ता के साथ नियत समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित क्षेत्र के अधिकारीगण मौजूद थे।
निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने शुक्रवार को जोन क्र. 14 में वार्ड क्र. 61 के अंतर्गत अवधपुरी स्थित रीगल सिविक सेंटर के पास निर्माणाधीन नाले का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने नाले की पैमाइश, कार्य प्रारंभ होने एवं कार्य पूर्ण करने की तिथि के साथ ही नाला निर्माण कार्य की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की। निगम जैन ने नाला निर्माण में सभी मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने तथा नाला निर्माण के समस्त कार्य नियत समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए। निगम आयुक्त जैन ने जोन क्र. 15 के अंतर्गत सोनागिरी में पैवर ब्लॉक लगाने के कार्य, जोन 16 के किरण नगर एवं क्षत्रसाल नगर में सड़कों के सीमेंट क्रांकीटीकरण कार्य का भी औचक निरीक्षण किया और सभी कार्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की। निगम आयुक्त जैन ने कहा कि कार्यों की गुणवत्ता के संबंध में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सभी कार्यों को मानक स्तर की गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

