भोपाल 23 जनवरी (आरएनएस)।बसंत पंचमी के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत नगर निगम, भोपाल द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किए गए। महापौर मालती राय ने जवाहर चौक एवं चांदबड क्षेत्र में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलनों में सम्मिलित होकर वर-वधुओं को आशीर्वाद प्रदान किया।
महापौर मालती राय ने शुक्रवार को जवाहर चौक स्थित जवाहर उद्यान में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में सम्मिलित होकर नव विवाहित वर-वधुओं को यशस्वी वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दी। इसके पश्चात महापौर राय चांदबड स्थित श्रीराम मंदिर में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में भी सम्मिलित हुई। महापौर राय ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना एवं सामूहिक विवाह आयोजनों की सराहना करते हुए नव विवाहित वर-वधुओं के लिए आशीर्वचन भी किए और वर-वधुओं को आशीर्वाद प्रदान भी किया। उक्त सामूहिक विवाह कार्यक्रमों में वरिष्ठ समाजसेवी नवल प्रजापति के अलावा सामूहिक विवाह कार्यक्रमों में निगम की सहयोगी संस्था प्रजापति समाज संस्थान भोपाल एवं प्रजापति कुंभकार संघ के पदाधिकारीगण के अलावा बड़ी संख्या में वर-वधु पक्ष के नागरिक मौजूद थे।

