रायपुर 30 जनवरी 2026(आरएनएस) केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय कांकेर द्वारा कांकेर जिले के नरहरपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम बुंदेली में स्वच्छता पखवाड़े के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व से अवगत कराना और स्वच्छ व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
इस अवसर पर रंगोली प्रतियोगिता, प्रश्न मंच, गीत-नाटक एवं रैली जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। माटी के सिंगर चार्मेन के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने स्वच्छता के संदेश को रोचक ढंग से जन-जन तक पहुँचाया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्थानीय जनपद सदस्य श्री भानू नेताम थे। विशिष्ट अतिथियों में स्वास्थ्य सुपरवाइजर श्री पुष्कर सिंह, विद्यालय के प्रचारक श्री पी.एल. साहू तथा मिडिल स्कूल प्रभारी श्री रामटेक जी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर बल दिया।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों को स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई तथा स्वच्छ भारत अभियान को जन आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।


















