रुड़की,28 फरवरी (आरएनएस)। लालकुर्ती स्थित खाटू श्याम मंदिर में पूजा करने पहुंची एक महिला का भीड़ में मंगलसूत्र चोरी हो गया। पीडि़ता की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के अशोक नगर ढंडेरा निवासी गीता सावंत पत्नी हरीश सावंत शुक्रवार शाम करीब सवा छह बजे मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए पहुंची थीं। उस समय मंदिर परिसर में काफी भीड़ थी। इसी बीच दो महिलाएं उनके पास आकर खड़ी हो गईं। एक महिला ने उनसे बातचीत शुरू कर ध्यान भटकाया, जबकि दूसरी ने मौका पाकर उनके गले से सोने का मंगलसूत्र निकाल लिया। कुछ देर बाद जब गीता सावंत को मंगलसूत्र गायब होने का एहसास हुआ तो उन्होंने शोर मचाया। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों संदिग्ध महिलाओं की तलाश की, लेकिन तब तक वे फरार हो चुकी थीं। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

