रुड़की,28 फरवरी (आरएनएस)। हाईवे निर्माण के बीच सर्विस रोड न बनने और कृषि भूमि के कम मुआवजे को लेकर बहेड़ी सैदाबाद के ग्रामीणों का आक्रोश एक बार फिर फूट पड़ा। शनिवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने तहसील मुख्यालय पहुंचकर उप जिलाधिकारी से मुलाकात की। ग्रामीणों ने दो टूक चेतावनी दी कि यदि उनकी जायज मांगों का समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन को मजबूर होंगे। बहेड़ी सैदाबाद गांव के समीप से गुजर रहे नेशनल हाईवे को लेकर विवाद पुराना है। ग्रामीणों का आरोप है कि हाईवे निर्माण में उनकी कीमती कृषि भूमि का अधिक हिस्सा ले लिया गया, लेकिन उसके बदले मिलने वाला मुआवजा काफी कम है। ग्रामीण वर्ष 2023 में भी इस मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन कर चुके हैं। तब प्रशासन ने सर्विस रोड बनवाने और मुआवजे की विसंगतियों को दूर करने का आश्वासन दिया था, जो आज तक अधूरा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

