दतिया 12 मार्च (आरएनएस)। कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े की अध्यक्षता में जिला स्तरीय गोपलन एवं पशु कल्याण समिति तथा पशु क्रूरता निवारण समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में जिले में गोवंश संरक्षण एवं प्रबंधन से संबंधित विभिन्न विषयों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में गोवंश संख्या अनुमोदन, अक्रीयाशील गौशालाओं को पुन: क्रियाशील बनाने, पंजीयन के लिए भेजे गए प्रस्तावों की समीक्षा तथा निराश्रित गोवंश के विस्थापन की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर वानखेड़े ने निर्देश दिए कि निराश्रित गोवंश के व्यवस्थित विस्थापन के लिए ठोस रूपरेखा तैयार कर प्रभावी ढंग से उसका क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर वानखेड़े ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शहर के मुख्य मार्गों पर जहां गोवंश की संख्या अधिक रहती है, वहां से उनका त्वरित विस्थापन किया जाए, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन गौशालाओं में गोवंश की संख्या कम है, वहां क्षमता के अनुसार पर्याप्त संख्या में गोवंश रखा जाए।
बैठक में क्षीरधारा ग्राम योजना के अंतर्गत आधारभूत सर्वेक्षण की प्रविष्टियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी पशु चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि सर्वेक्षण से संबंधित सभी प्रविष्टियां निर्धारित समय सीमा में पूर्ण की जाएं। साथ ही उन्हें मंगलवार तक प्रविष्टियां पूर्ण कर कलेक्ट्रेट में उपस्थित रहने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने पशुपालन से संबंधित ऋण वितरण की कार्यवाही को भी त्वरित करने तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में डिजिटल पशुधन मिशन की जानकारी भी साझा की गई तथा इसके आगामी क्रियान्वयन की रूपरेखा पर चर्चा की गई।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अक्षय कुमार तेम्रवाल, संयुक्त कलेक्टर श्रृति अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

