दतिया 12 मार्च (आरएनएस)। मध्य प्रदेश शासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में निर्मित घरेलू, संस्थागत एवं सामुदायिक शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मांग एवं पूर्ति के सिद्धांत पर आधारित स्वच्छता साथी वाश ऑन व्हील सेवा प्रारंभ की गई है। स्वच्छता साथी द्वारा मोबाइल एप पर प्राप्त होने वाली डिमाण्ड का त्वरित निराकरण किया जाता हैं। ग्रामीण क्षेत्र में निवासरत कोई भी व्यक्ति डब्लूओडब्लू एप के माध्यम से डिमाण्ड कर निर्धारित शुल्क 50 रुपये का भुगतान कर अपने व्यक्तिगत शौचालय की सफाई करा सकता हैं।
इसी क्रम में कोई भी संस्था प्रमुख अपने संस्थागत एवं सामुदायिक शौचालयों की सफाई हेतु निर्धारित शुल्क 200 रुपये का भुगतान कर सफाई कार्य करा सकता है। स्वच्छता साथी द्वारा सफाई कार्य आधुनिक मशीनों एवं सुरक्षा उपकरणों के साथ किया जाता हैं।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत भांडेर सुमन चक ने अपील की, कि डब्लूओडब्लू सेवा अन्तर्गत ग्रामीण क्षेत्र के समस्त कार्यालय प्रमुख अपने कार्यालय के शौचालय की नियमित सफाई हेतु वाश ऑन व्हील मोबाइल ऐप के माध्यम से डिमांड दर्ज करें एवं इस सेवा का लाभ लें जिससे स्वच्छता साथी को नियमित रूप से रोजगार उपलब्ध हो सके। जनपद भाण्डेर में स्वच्छता साथियों द्वारा अभी तक 128 सामुदायिक एवं व्यक्तिगत शौचालयों की सफाई की गई हैं।

