भोपाल 13 मार्च (आरएनएस)। बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक का दांया कान कट गया। उसके सिर और गर्दन पर भी वार किए गए हैं। खून से लथपथ युवक को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक घायल की पहचान अल्ताफ राजा के रूप में हुई है, जो ऐशबाग क्षेत्र का रहने वाला है। चौक बाजार से घर लौटते समय नूर महल रोड पर आरोपी अमन नेपाली और उसके साथियों घेरकर मारा। आरोपियों ने कहा था कि तुझे ऐसा मारेंगे कि नजीर बन जाएगा।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक गुरुवार रात करीब 10 बजे वारदात हुई है। आरोपियों ने जमकर आतंक मचाया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। अल्ताफ के शरीर से काफी ज्यादा खून बह गया है, जिससे उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
कोतवाली थाना प्रभारी काशीराम कुशवाह ने बताया कि घायल अल्ताफ राजा ऑटो-डीलिंग का काम करता है। गर्दन में ज्यादा घाव लगने की वजह से 12 घंटे से वह बेहोश है। डॉक्टर्स की निगरानी में इलाज चल रहा है। पुरानी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक आरोपी अमन नेपाली पुराने हत्या के प्रयास के मामले में अल्ताफ पर समझौता करने का दबाव बना रहा था, लेकिन उसने समझौते से इनकार कर दिया था। इसके बाद अमन ने अपने साथियों के साथ मिलकर हमले की साजिश रची।
पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

