भोपाल 13 मार्च (आरएनएस)। इलीगल गैंगस्टर आकाश उर्फ भूरा हड्डी की होने वाली दुल्हन सीमा मेहंदी लगे हाथों और गले ने मोतियों की माला पहनकर कोहेफिजा थाने पहुंची और रोते बिलखते हुए शादी करवाने की गुहार लगाई। उसका कहना है कि होने वाले पति को 2 घंटे के लिए रिहा कर दो। नहीं तो यही सलाखों में ही फेरे करा दो।
दुल्हन ने पुलिस से कहा कि साहब, मेरी जिंदगी बर्बाद हो जाएगी। मेरी क्या गलती है? मुझे उसके जुर्म की जानकारी नहीं थी। युवती ने पुलिस से गुहार लगाई कि वह उसके होने वाले पति को 2 घंटे के लिए रिहा कर दें या सलाखों में ही वैवाहिक रस्में करवा दें। लेकिन पुलिस ने सीमा की मांग को दरकिनार कर दिया। सीमा अपने होने वाले पति से मिलने के लिए भी लगातार दरखास्त करते रही, लेकिन आकाश उर्फ भूरा हड्डी के गैंगस्टर होने के चलते हैं पुलिस ने उसकी बातों पर कोई नरमी नहीं दिखाई। वहीं वकील द्वारा भी शादी को लेकर कोर्ट से समय मांगा गया, लेकिन वहां से भी मोहलत नहीं मिली।
दरअसल, थाना क्षेत्र में सक्रिय इलीगल गैंग के सरगना आकाश उर्फ भूरा हड्डी की शादी युवती सीमा से बुधवार दोपहर को होने वाली थी। इसी दौरान पुलिस पहुंची और मंडप से उसे उठा लिया। गैंगस्टर दूल्हे के साथ उसके साथियों को भी पकड़ा गया था।
आरोपियों ने मिलकर एक पुजारी को किडनैप किया था। पहली किस्त के तौर पर 50 हजार रुपए मिलने के बाद ही उसे छोड़ा था। बाकी 7 लाख रुपए 5 किस्तों में देने की बात तय की गई थी।

