भोपाल 13 मार्च (आरएनएस)। बैरसिया इलाके में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पति और पत्नी करीब दस फीट दूर सड़क किनारे झाडिय़ों में जा गिरे। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। दोनों ही शव पीएम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
थाना प्रभारी वीरेंद्र सेन के मुताबिक ग्राम मनीखेड़ी गुनगा में रहने वाले मोहर सिंह रैकवार खेती करते थे। वह आज सुबह करीब 11 बजे अपनी पत्नी उमा बाई के साथ बाइक पर सवार होकर मनीखेड़ी से ग्राम नंदगांव रिश्तेदारों के घर जा रहे थे। तभी तरावली जोड़ के पास उनकी बाइक को तेज रफ्तार बस ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद बस का चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक पति-पत्नी का शव बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही पुलिस ने बस को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

