भोपाल 13 मार्च (आरएनएस)। राजधानी भोपाल में शुक्रवार को यूथ कांग्रेस ने एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर अनोखा प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता खाली सिलेंडर लेकर पहुंचे और नाले में पाइप डालकर उसमें गैस भरने की प्रतीकात्मक कोशिश की।
यूथ कांग्रेस नेताओं का कहना था कि भाजपा के कुछ नेताओं द्वारा पहले यह दावा किया गया था कि नाले से गैस बनाई जा सकती है। इसलिए वे उसी बात को दिखाने के लिए यह प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि अगर नाले से गैस बन सकती है तो फिर सिलेंडर भी वहीं से भर जाना चाहिए।
प्रदर्शन में भोपाल युवा कांग्रेस अध्यक्ष अमित खत्री भी शामिल रहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर आम जनता परेशान है, लेकिन सरकार इस मुद्दे पर गंभीर नजर नहीं आ रही है। उनका कहना है कि लोग चिलचिलाती धूप में गैस सिलेंडर के लिए लंबी-लंबी कतारों में खड़े हैं, जबकि सरकार सिर्फ बयानबाजी कर रही है।
कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह प्रदर्शन भाजपा समर्थकों को यह दिखाने के लिए किया गया है कि नाले से गैस बनना सिर्फ एक दावा है, हकीकत नहीं। कांग्रेस नेताओं ने अंतरराष्ट्रीय हालात का जिक्र करते हुए कहा कि इजराइल और ईरान के बीच चल रहे तनाव का असर भी बाजार और सप्लाई पर पड़ रहा है, जिससे देश में आम लोगों की परेशानियां बढ़ रही हैं।

