बीजापुर 14 मार्च 2026(आरएनएस) छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने एक और अहम कदम उठाते हुए थाना फरसेगढ़ क्षेत्र के ग्राम बड़े गुण्डेम में नवीन सुरक्षा एवं जन-सुविधा कैम्प की स्थापना की है। 12 मार्च को स्थापित यह कैम्प न केवल नक्सल विरोधी अभियानों को मजबूती देगा, बल्कि सुदूर वनांचल में बसे ग्रामीणों के लिए विकास की नई राह भी खोलेगा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार डीआरजी, जिला बल और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 12वीं वाहिनी की संयुक्त टीमों ने बेहद दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और पहुंचविहीन रास्तों के बावजूद साहसिक अभियान चलाकर यह कैम्प स्थापित किया। जंगलों और कठिन प्राकृतिक चुनौतियों के बीच सुरक्षा बलों की यह उपलब्धि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ विकास की गति तेज करने की दिशा में भी अहम मानी जा रही है।
दरअसल, भोपालपटनम से फरसेगढ़ तक संपर्क और आधारभूत संरचना के विस्तार की दिशा में यह कैम्प एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगा। इससे नेशनल पार्क क्षेत्र के दूर-दराज के गांवों को सड़क, संचार और अन्य सुविधाओं से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त होगा, जिससे प्रशासन की पहुंच बढ़ेगी और ग्रामीणों को राहत मिलेगी।
सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि इस कैम्प के स्थापित होने से आसपास के गांवों के लोगों को स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पेयजल, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, मोबाइल नेटवर्क, सड़क और पुल-पुलिया जैसी बुनियादी सुविधाएं मिलने में आसानी होगी। साथ ही माओवादियों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में भी मदद मिलेगी और क्षेत्र में शांति व विश्वास का वातावरण बनेगा।
बीजापुर जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बल लगातार सक्रिय हैं। वर्ष 2024 से अब तक जिले में 37 नए सुरक्षा कैम्प स्थापित किए जा चुके हैं। इन अभियानों के दौरान अब तक 955 माओवादी पुनर्वासित हुए हैं, 234 माओवादी मुठभेड़ों में मारे गए हैं और 1184 माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है।
यह कैम्प पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुन्दरराज पी. के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव के नेतृत्व में स्थापित किया गया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऑप्स रविन्द्र कुमार मीणा, उप पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ सिंह चौहान, अमन लखीसरानी और अनुविभागीय अधिकारी फरसेगढ़ भी मौजूद रहे। छत्तीसगढ़ शासन की “नियद नेल्ला नार” योजना के तहत स्थापित इस कैम्प से क्षेत्र के ग्रामीणों में उत्साह और भरोसे का माहौल देखने को मिल रहा है।

