भोपाल,14 मार्च (आरएनएस)। राजधानी में बदमाशों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं. बदमाश अब बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। इसी बीच बदमाशों द्वारा भोपाल स्थित हमीदिया अस्पताल में ही गोली चला दी।
जानकारी के मुताबिक शहर के कुख्यात बदमाश लल्लू रईस के अशोका गार्डन स्थित घर पर शादाब गेट और उसके गिरोह के 8 से 10 साथियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में लल्लू रईस के बेटे इमरान के पैर में गोली लगी है। गोलीबारी को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से भाग निकले।
घायल इमरान को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल ले जाया गया। बदमाशों ने अस्पताल परिसर में भी घुसकर गोलियां चलाईं, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। गोलियां अस्पताल की खिड़की और दीवार पर जाकर लगीं। लल्लू रईस ने बताया कि अस्पताल में मुझ पर फायरिंग की गई। गनीमत रही कि कोई गोली नहीं लगी।
पुलिस के मुताबिक मामला अशोका गार्डन और कोहेफिजा थाना क्षेत्र से जुड़ा है। दोनों थानों की पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं।
लल्लू रईस के मुताबिक शादाब गेट, शावर, गुड्डू स्टेशन और अल्लू परवेज समेत 8 से 10 लोग शनिवार सुबह करीब 5:45 बजे शंकर गार्डन स्थित उनके घर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि आरोपी उनके बेटे इमरान का पीछा करते हुए घर तक आए थे। इमरान जैसे ही घर पहुंचा, आरोपियों ने पीछे से उस पर फायरिंग कर दी। जान बचाने के लिए इमरान तुरंत घर के अंदर घुस गया और गेट लॉक कर लिया। इसी दौरान चली एक गोली उसके पैर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया।
लल्लू रईस का कहना है कि करीब दो साल पहले इमरान ने शादाब गेट के भाई पर हमला किया था, जिसमें उसकी उंगलियां कट गई थीं। उसी रंजिश का बदला लेने के लिए यह हमला किया गया।
घटना को लेकर एसीपी अनिल बाजपेयी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। हमीदिया अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

