– दो दिवसीय प्रदर्शनी में शहरवासियों की उमड़ी भीड़, पारंपरिक हस्तशिल्प और संस्कृति को बढ़ावा देने का प्रयास
रतलाम, आरएनएस, 15, मार्च।केसरिया राजपूत लेडीज सोशल वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित बहुप्रतीक्षित केसरिया एग्ज़ीबिशन का आयोजन रतलाम के राजपूत बोर्डिंग में किया गया। 15 मार्च तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में राजपूती संस्कृति, पारंपरिक परिधान और हस्तशिल्प की आकर्षक झलक देखने को मिली, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी पहुंचे। एसोसिएशन की अध्यक्ष गीतांजलि रणावत (सरवाणिया) ने बताया कि प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य राजपूती परंपराओं, हस्तशिल्प और पारंपरिक कला को प्रोत्साहित करना है। इस प्रदर्शनी में एक ही स्थान पर राजपूती परिधान, आकर्षक साडिय़ां, हाथ से बने चूड़े, कांच की चूडिय़ां और पारंपरिक राजपूती ज्वेलरी सहित कई प्रकार के उत्पाद प्रदर्शित किए गए, जिनकी लोगों ने जमकर खरीदारी भी की। कार्यक्रम में राजमाता चंद्रा कुमारी (सैलाना) की विशेष उपस्थिति रही, जबकि रानी साहेब कोमल धुर्वे (गुलाबगढ़) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इसके अलावा रतलाम महापौर प्रहलाद पटेल, रतलाम प्रेस क्लब अध्यक्ष मुकेश पुरी गोस्वामी और जी.पी. सिंह भी विशेष रूप से कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों का स्वागत स्मृति चुंडावत द्वारा किया गया। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर आयोजकों के प्रयासों की सराहना की और इस तरह के आयोजनों को संस्कृति के संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रदर्शनी में क्लब की सदस्य चंद्रजीत जादौन, रंजना, प्रेरणा, पारुल सिंह और स्मृति चुंडावत सहित अन्य सदस्यों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए, जहां विभिन्न पारंपरिक उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। आयोजकों ने शहरवासियों से अपील की कि वे ऐसे आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर राजपूती संस्कृति और परंपराओं से जुड़े उत्पादों को प्रोत्साहित करें।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

