रांची 20 मार्च (आरएनएस)। राजधानी रांची में ईद, सरहुल और रामनवमी के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। तीनों प्रमुख त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। इसको लेकर एसएसपी राकेश रंजन ने विधि-व्यवस्था की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में ग्रामीण एसपी, सिटी एसपी, ट्रैफिक एसपी, सभी डीएसपी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी सूरत में शहर की शांति व्यवस्था भंग नहीं होनी चाहिए। संवेदनशील इलाकों की विशेष पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।
ड्रोन से होगी निगरानी, पहली बार गलियों की मैपिंग
इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। पहली बार शहर की सड़कों और संकरी गलियों की ड्रोन से मैपिंग कराई जा रही है। जुलूस मार्ग और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर ड्रोन कैमरों से लगातार नजर रखी जाएगी। जिला पुलिस के साथ अर्धसैनिक बलों की भी तैनाती की जा रही है, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई
एसएसपी ने हुड़दंग या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाडऩे की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ त्वरित और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखने के लिए विशेष टीम गठित की गई है।
ट्रैफिक व्यवस्था के लिए विशेष प्लान
त्योहारों के दौरान जाम की स्थिति से बचने के लिए ट्रैफिक एसपी को विशेष रूट प्लान तैयार करने का निर्देश दिया गया है। रामनवमी और सरहुल जुलूस के दौरान रूट डायवर्जन की जानकारी आम जनता को समय से पहले देने की बात कही गई है। पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से भी शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है, ताकि सभी त्योहार आपसी भाईचारे के साथ संपन्न हो सकें।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

