भोपाल,21 मार्च (आरएनएस)। शनिवार सुबह करीब 10 बजे एक चोर एम्स भोपाल में परिजनों के चार्जिंग में लगे मोबाइल को चुराने के इरादे से पहुंचा था। लेकिन, जैसे ही उसने फोन को चार्जिंग से निकाला, गार्ड की उस पर नजर पड़ गई और वह पकड़ा गया।
एम्स से मिली जानकारी के अनुसार, घटना सुबह 10 बजे के करीब की है। मेडिकल वार्ड के बाहर मौजूद गलियारे में एक युवक चार्जिंग सॉकेट में फोन चार्ज पर लगाकर सो रहा था। मौके का फायदा उठाते हुए एक चोर ने उसका फोन निकाला और मौके से फरार होने की मंशा से बाहर की ओर जाने लगा। लेकिन, उसकी यह गतिविधि एक गार्ड ने देख ली। इसके बाद उसने अपने साथियों को इसकी सूचना दी और चोर को घेरकर पकड़ लिया गया।
पूछताछ करने पर उसने खुद का नाम राहुल शर्मा बताया। वह गार्ड से बार-बार खुद को छोड़ देने की बात कह रहा था। उसने कहा कि वह स्टूडेंट है और पैसे की जरूरत होने पर यह कदम उठाया। हालांकि, उसके पास से कोई पहचान पत्र नहीं मिला।
एम्स के सिक्योरिटी सुपरवाइजर ने इस पूरी घटना की रिपोर्ट एम्स के डिप्टी डायरेक्टर कार्यालय को दी है, जिसमें कहा गया कि गार्ड की मुस्तैदी के कारण चोर को पकड़ा गया। इसके बाद डायल 100 को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी आरोपी को अपने साथ लेकर चले गए।

