भोपाल,21 मार्च (आरएनएस)। कोलार रोड इलाके में एक कारोबारी को विदेशी नंबरों से कॉल कर 10 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को लॉरेंस गैंग से जुड़ा बताते हुए धमकियां दीं। शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि एमपी के कारोबारियों को लॉरेंस गैंग से धमकी का यह एक महीने के भीतर यह चौथा मामला है।
पुलिस के अनुसार पार्वती नगर निवासी 42 वर्षीय रियल एस्टेट और सराफा कारोबारी गौरव जैन ने कोलार रोड थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 18 मार्च की रात करीब 10:30 बजे उनके मोबाइल पर एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से व्हाट्सऐप कॉल आया।
कॉल करने वाले ने खुद को ‘हैरी बॉक्सरÓ बताते हुए कहा कि वह लॉरेंस गैंग से जुड़ा है और गौरव जैन को 10 करोड़ रुपए तैयार रखने होंगे। साथ ही आरोपी ने उन्हें अपने परिचितों से मिल लेने और अपने बारे में इंटरनेट पर जानकारी जुटाने की बात भी कही।
शिकायतकर्ता ने पहले कॉल को फर्जी समझकर नजरअंदाज कर दिया था, लेकिन 20 मार्च की सुबह करीब 10:56 बजे दूसरे नंबर से दोबारा कॉल आया। इस बार आरोपी ने सीधे पैसों की मांग दोहराई। इनकार करने पर उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
आरोपी ने धमकी दी कि रकम नहीं देने पर उसके गुर्गे कहीं भी हमला कर सकते हैं, और अंजाम गंभीर होगा।। पीडि़त के अनुसार, कॉल के बाद व्हाट्सऐप पर लगातार धमकी भरे ऑडियो मैसेज भी भेजे गए, जिनमें रैकी कराने और हथियार से हमला करवाने की बात कही गई। इससे डरे कारोबारी ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।
कोलार थाना प्रभारी संजय सोनी के मुताबिक प्रारंभिक जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही भेजे गए ऑडियो और स्क्रीनशॉट को भी जांच में शामिल किया गया है।

