भोपाल,21 मार्च (आरएनएस)। भोपाल में होटल और रेस्टोरेंट को पिछले 10 दिन से कमर्शियल सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं, तो घरेलू सिलेंडर की भी किल्लत है। शनिवार को प्रभात चौराहे के पास एक गैस एजेंसी के सामने कांग्रेसियों ने सिलेंडर नहीं मिलने पर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला के नेतृत्व में युवा कांग्रेस ने प्रभात चौराहे पर महिलाओं को चूल्हे बांटकर विरोध प्रदर्शन किया।
उन्होंने कहा कि अमेरिका के डर के चलते आज भारत की सरकार रूस से रसोई गैस का आयात करने का फैसला नहीं ले पा रही है। जिसके चलते पूरा देश सिलेंडर की तलाश में भटक रहा है। गलत नीतियों की वजह से देश में गैस सिलेंडर की कमी हो गई है और रातोंरात प्रीमियम पेट्रोल के दाम बढ़ा दिए गए हैं। आने वाले समय में देश कई पेट्रोलियम उत्पादों की कमी से जूझेगा और आम जनता को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आने वाले समय में चूल्हे पर रोटी बनाना पड़ सकती हैं। इसीलिए आज विरोधस्वरुप टीन के चूल्हे बांट रहे हैं। शुक्ला ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने उज्ज्वला योजना के तहत निर्धन परिवारों को रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का वायदा किया था, जो वर्तमान में झूठा साबित हो रहा है। युवा कांग्रेस अध्यक्ष खत्री ने मामले में जिला प्रशासन से कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि रसोई गैस की किल्लत का फायदा उठाकर एजेंसी संचालक मनमाने दाम पर सिलेंडर सप्लाई कर रहे हैं। रात के अंधेरे में सिलेंडर से भरे हुए ट्रक शहर में घूम रहे हैं, जबकि दिन के वक्त इन्हें तलाश पाना मुश्किल है। कांग्रेस ने मांग की है कि जिला प्रशासन तत्काल ऐसे एजेंसी संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करें।
इस अवसर पर तारीक अली, विजेंद्र शुक्ला, दीपक दीवान, आशीष शर्मा, अमजद लाला, अनस उर रहमान, मोहम्मद आमिर, अलमास अली, अहमद खान, साद उस्मानी, रविशंकर मिश्रा, मनोज बाथम आदि मौजूद थे।

