भोपाल 23 मार्च (आरएनएस)। रविवार देर रात तलैया थाने के पास स्थित काली मंदिर के बाहर एक सफेद बोरे में मवेशी के अवशेष मिले। इसे लेकर जय मां भवानी हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। उन्होंने इसे गाय का अवशेष बताकर सड़क पर चक्काजाम कर दिया। वे आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल और आला अधिकारी पहुंचे। उन्होंने आरोपियों की पहचान कर जल्द ही गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। करीब डेढ़ घंटे बाद प्रदर्शनकारियों ने चक्काजाम खत्म किया।
पुलिस ने भानु हिंदू की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों के पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
संगठन के प्रमुख भानू हिंदू ने बताया कि बोरे में गोवंश की गर्दन कटी हुई थी, जिससे जाहिर होता है कि गाय का कत्ल किया गया। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएं और आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। अगर कार्रवाई नहीं हुई तो संपूर्ण हिंदू समाज सड़कों पर प्रदर्शन करेगा। संगठन ने आरोप लगाया कि गोवंश को कत्ल करने के बाद मंदिर के बाहर फेंकना सामाजिक माहौल खराब करने की कोशिश है।
हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी भी मौके पर पहुंचे। एडिशनल डीसीपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। तिवारी ने पूरे घटनाक्रम को नवरात्रि के दौरान शहर का माहौल खराब करने की साजिश बताया है। उन्होंने पुराने शहर में देर रात तक खुलने वाली दुकानों पर भी आपत्ति जताई।

