भोपाल 23 मार्च (आरएनएस)।राजधानी भोपाल में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब यहां स्थित डिविजऩल कमिश्नर ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल विभाग को मिला। ईमेल के जरिए ये दावा किया गया है कि, कार्यालय परिसर में साइनाइड गैस और आरडीएक्स से जुड़े विस्फोटक तैयार किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार संभागायुक्त संजीव कुमार सिंह की आधिकारिक मेल आईडी पर किसी अज्ञात आरोपित द्वारा मेल आईडी के जरिए सोमवार को सुबह 10 बजे संभागायुक्त कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी का मेल किया गया। जब इसकी जानकारी संभागायुक्त को लगी तो उन्होंने पुलिस आयुक्त संजय कुमार को मामले की सूचना दी।
संभागायुक्त कार्यालय में बम से उड़ाने की धमकी का पता चलते ही अधिकारी व कर्मचारियों में हड़कंप मच गया और वह इमारत से बाहर आकर खड़े हो गए। पुलिस टीम, डॉग स्क्वाड भी मौके पर पहुंच गया था, जिसने संभागायुक्त सहित अन्य कार्यालयों में करीब तीन से चार घंटे तक तलाशी ली। पुलिस टीम को तलाशी के दौरान विस्फोटक व बम जैसा कुछ हाथ नहीं लगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुराना सचिवालय की दो मंजिला इमारत में संभागायुक्त कार्यालय के साथ ही उनके स्टाफ, सहायक आयुक्त, सहकारिता, जिला जनसंपर्क, आवक-जावक, हुजूर एसडीएम, हुजूर तहसील सहित अन्य स्थित हैं।
जानकारी के मुताबिक ईमेल में धमकी देते हुए लिखा है कि आपके संभागायुक्त कार्यालय में 15 छोटे साइनाइड गैस आरडीएक्स बम धमाके के लिए तैयार हैं। तमिल मंत्री सेंथिल बालाजी पावर से सीबीआई केस हटाएं और दोपहर 1:15 तक सभी वहां से निकल लें। इसके अलावा मेल पर तेलुगु सिनेमा की फिल्म ‘राजू वेड्स रामबाईÓ (सैलू कामपति) के बारे में विस्तार से लिखा है। आरोपी ने इस फिल्म को तेलुगु सिनेमा के लिए एक क्रांतिकारी मोड़ और समाज में अब भी मौजूद जातिगत सच्चाइयों का सीधा सामना करने वाली बताया है। साथ ही एसवी शेखर के नाम पर बनी सड़क का नाम फिफ्थ ट्रस्ट क्रॉस स्ट्रीट से बदलकर पेरियार-अंबेडकर स्ट्रीट किया जाना चाहिए, इसका भी जिक्र किया है।

