शाहाबपुर टोल प्रबंधन द्वारा मनमानी, शोषण के खिलाफ भाकियू ने खोला मार्चा
बाराबंकी 27 मार्च (आरएनएस)। बाराबंकी-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित शाहाबपुर टोल प्लाजा पर कर्मचारियों द्वारा किसानों, मजदूरों एवं स्थानीय लोगों के साथ लगातार हो रही अभद्रता के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) युवा विंग ने कड़ा रुख अपनाया है। किसानों का आरोप है कि टोल प्रबंधन द्वारा मनमानी, शोषण एवं स्थानीय लोगों की अनदेखी की जा रही है, जिससे क्षेत्र में भारी रोष व्याप्त है और आमजन को आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसान नेताओं ने प्रशासन से मांग की है कि टोल प्लाजा पर हो रही अभद्रता पर तत्काल रोक लगाई जाए, स्थानीय लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाए तथा टोल व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। यदि समय रहते मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) युवा विंग द्वारा टोल प्लाजा पर घेरा डालो-डेरा डालो आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन एवं टोल प्रबंधन की होगी। उक्त घोषणा के उपरांत टोल मैनेजर ने सभी को अस्वस्थ किया कि भविष्य में किसी के भी साथ अभद्रता नहीं की जाएगी समस्त टोल कर्मियों को विशेष हिदायत दे दी जाएगी। इस दौरान जिला संरक्षक उत्तम सिंह, मध्यांचल प्रवक्ता बलराम यादव, मध्यांचल महासचिव अनुज सिंह, मंडल प्रभारी फैसल मलिक, मंडल अध्यक्ष समीर यादव उर्फ संदीप, बंकी ब्लॉक अध्यक्ष मोहम्मद रियाज़, मसौली ब्लॉक अध्यक्ष इरफान अली, हरख ब्लॉक अध्यक्ष बॉबी ठाकुर, देवा ब्लॉक अध्यक्ष अरशद अली, संगठन मंत्री अशफ़ाक, मोहम्मद कलीम उर्फ मुनिया, रसूल अहमद उर्फ गुल्ले, मेराज अहमद उर्फ बबलू भाई, संतोष नाग, अवधराम बहेलिया सहित दर्जनों किसान नेता मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

