बीजापुर 28 मार्च (आरएनएस) थाना मद्देड़ क्षेत्र के वंगापल्ली गांव में ग्रामीण युवकों से हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। 26 मार्च 2026 को दम्पाया निवासी सुनील लम्बाडी की शिकायत पर मामला दर्ज होते ही पुलिस हरकत में आई और 20-25 लोगों द्वारा विकास कावटी और संतोष कावटी के साथ लाठी-डंडों और हाथ-मुक्कों से की गई मारपीट के मामले में तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी गई। आरोपियों के नाम और विस्तृत पहचान पुलिस द्वारा विवेचना के तहत संकलित की जा रही है, जबकि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। घटना में लाठी-डंडों का उपयोग कर बेरहमी से हमला किया गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई, जिसने संभावित ठिकानों पर दबिश, लगातार पतासाजी और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। प्रकरण में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को 27 मार्च 2026 को माननीय न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है। घटना के पीछे आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है, जिसकी जांच जारी है। वहीं क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस ने लोगों को अफवाहों से बचने की सलाह दी है और जनप्रतिनिधियों व ग्राम प्रमुखों के साथ बैठक कर सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

