ईरान ,30 मार्च,। खाड़ी देश कुवैत के बिजली मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि एक पावर स्टेशन पर ईरान द्वारा किए गए हमले में एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि परिसर की एक इमारत को भारी नुकसान पहुंचा। मंत्रालय के अनुसार, यह घटना रविवार शाम को हुई। कुवैत के बिजली, पानी और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने इसे देश के खिलाफ ईरान की आक्रामक कार्रवाई बताया है।
मंत्रालय की प्रवक्ता इंजीनियर फातिमा अब्बास जौहर हयात ने कहा, कुवैत के खिलाफ ईरानी आक्रामकता के तहत एक बिजली और जल विलवणीकरण संयंत्र में स्थित सर्विस बिल्डिंग को निशाना बनाया गया। इस हमले में एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई और इमारत को गंभीर नुकसान पहुंचा।
गौरतलब है कि खाड़ी क्षेत्र के कई देशों की तरह कुवैत भी अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष का असर झेल रहा है। तेहरान क्षेत्र में विभिन्न बुनियादी ढांचे और अमेरिकी ठिकानों को निशाना बना रहा है।
कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने एक अलग बयान में बताया कि लगभग एक महीने से जारी इस संघर्ष के दौरान देश पर अब तक 307 बैलिस्टिक मिसाइलें, दो क्रूज मिसाइलें और 616 ड्रोन दागे जा चुके हैं।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल सऊद अल-अतवान के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 14 बैलिस्टिक मिसाइलों और 12 दुश्मन ड्रोनों को पहचानकर नष्ट किया गया। उन्होंने बताया कि इनमें से कुछ हमलों का लक्ष्य कुवैती सशस्त्र बलों का एक अड्डा था, जिसमें 10 कर्मी घायल हुए और परिसर को भी नुकसान पहुंचा।
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

