-करीब 16 लाख की हुई क्षति, लाकर रूम सुरक्षित
चित्रकूट 30 मार्च (आरएनएस)। राजापुर स्थित भारतीय स्टेट बैंक में सोमवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। बैंक के अंदर से घना धुआं उठता देख आसपास के लोगों में अफरा तफरी फैल गई। एटीएम गार्ड अशोक कुमार ने तत्काल थाना राजापुर को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल की गाडिय़ों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग और धुएं की तीव्रता इतनी अधिक थी कि अंदर प्रवेश करना मुश्किल हो गया था। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने पूरे परिसर को खाली करा लिया। अपर पुलिस अधीक्षक सत्यपाल सिंह और प्रभारी निरीक्षक लाखन सिंह मौके पर मौजूद रहे और हालात पर नजर बनाए रखे। शाखा प्रबंधक पंकज सिंह के अनुसार सुबह करीब 7:20 बजे आग की सूचना मिली। तब तक बैंक का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ चुका था। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग से बैंक के कंप्यूटर, एसी, फर्नीचर, सीसीटीवी कैमरे, दस्तावेज समेत अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए। कुल नुकसान लगभग 16.68 लाख रुपये आंका गया है। राहत की बात यह रही कि आग लॉकर कक्ष तक नहीं पहुंची।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

