देहरादून,30 मार्च (आरएनएस)। पटेलनगर थाना क्षेत्र में चेकिंग कर रही पुलिस टीम के साथ एक व्यक्ति ने जमकर हंगामा किया। आरोपी ने पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज और हाथापाई की। उसने दरोगा के हाथ से ई-चालान मशीन छीनकर सड़क पर पटक कर तोड़ दी। पुलिस ने सरकारी काम में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों से उलझने के आरोप में उसे गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर पटेलनगर विनोद गुसाईं ने बताया कि रविवार रात करीब 8:30 बजे मंडी चौक पर पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। टीम में एसएसआई प्रमोद शाह, बाजार चौकी प्रभारी एसआई प्रवीण पुंडीर, कांस्टेबल जयपाल सिंह और कांस्टेबल कवि शर्मा मौजूद थे। इसी दौरान लाल पुल की ओर से बिना हेलमेट आ रहे एक दोपहिया वाहन को चेकिंग के लिए रोका गया। इस वाहन के पीछे नंबर प्लेट नहीं लगी थी और आगे की प्लेट मुड़ी हुई थी। पुलिस जब वाहन चालक से नाम-पता पूछ रही थी, तभी टोपी पहने एक अन्य व्यक्ति वहां आ पहुंचा। वह पुलिसकर्मियों पर रोब गांठने लगा और वाहन रोकने का कारण पूछते हुए उलझ गया। जब पुलिस ने उससे उसकी पहचान पूछी, तो वह आक्रामक हो गया। उसने बाइक पर बैठे युवक को नीचे उतार दिया और खुद वाहन पर बैठ गया। आरोपी ने पुलिसकर्मियों को धमकी देनी शुरू कर दी। जब आरोपी जबरन वाहन को आगे धकेलने लगा और पुलिस ने उसे रोका तो उसने एसआई प्रवीण पुंडीर के हाथ पर झपट्टा मार दिया। उसने उनके हाथ से ई-चालान मशीन छीनकर सड़क पर पटक दी। जिससे मशीन टूट गई। पुलिसकर्मियों ने जब उसे पकडऩे का प्रयास किया तो उसने गंदी-गंदी गालियां देते हुए पुलिस के साथ हाथापाई शुरू कर दी। इस खींचातानी में कांस्टेबल कवि शर्मा की वर्दी की कमीज का बटन टूट गया। हंगामे के बाद पुलिसकर्मियों ने आरोपी को काबू में किया और पुलिस वाहन में बैठाया। आरोपी की पहचान राजेंद्र पाल (49) निवासी उत्सव विहार, बल्लीवाला चौक के रूप में हुई।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

