देहरादून,30 मार्च (आरएनएस)। मसूरी देहरादून मार्ग पर वैलीब्रिज बनाने की मांग को लेकर धरना देने पर भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। भाजपा मसूरी मंडल के अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने धरना देने पर घोर निंदा की।उन्होंने कहा कि एक सप्ताह पहले मंत्री गणेश जोशी ने लोक निर्माण विभाग व मसूरी वन प्रभाग के अधिकारियों को वैलीब्रिज बनाने के निर्देश दे दिए थे और वहां पर कार्य शुरू हो चुका था।भाजपा मंडल मसूरी के अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि जब वैलीब्रिज का कार्य शुरू हो गया तब वैलीब्रिज निर्माण के लिए कांग्रेस का धरना केवल मीडिया में आने व जनता के बीच भ्रम फैलाने के लिए किया गया, जो खेद का विषय है। उन्होंने कहा कि वहां पर वन विभाग की आपत्ति थी जिसका तत्काल निदान किया गया। वहां पर कार्य शुरू हो चुका है जिसके तहत उसका बेस बनाने व झाडिय़ों को काटा गया है। उन्होंने कहा कि 14 गाड़ी सामान ऋषिकेश से मसूरी वैलीब्रिज बनाने के लिए लाया जा रहा है। कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ लोगों व आम जनता को भ्रमित करने के लिए धरना दिया। मंत्री गणेश जोशी पर एआई से बने पोस्टर बनाए गए, जिनकी जितनी निंदा की जाए कम है। कहा कि शीघ्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देहरादून दिल्ली हाईवे का लोकार्पण होने वाला है जिससे मसूरी में पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

