मीरजापुर 31 मार्च (आरएनएस)। नगर की कटरा कोतवाली पुलिस टीम ने रेलवे लाइन के किनारे खड़े होकर ट्रेनों में सफर कर रहे यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो शातिरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के कुल 13 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। 29 मार्च की रात कटरा पुलिस टीम ने चिमनी रोड के पास घेराबंदी कर राजाराम सोनकर (55 वर्ष) निवासी काजी तालाब जंगी रोड तथा दिलीप कुमार केवट (20 वर्ष) निवासी ककरहवां को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे रेलवे लाइन के किनारे खड़े होकर ट्रेनों की खिड़की या गेट के पास मोबाइल चला रहे यात्रियों को निशाना बनाते थे। डंडे से मोबाइल गिराकर उसे उठा लेते और बाद में राहगीरों को सस्ते दामों में बेच देते थे। इससे प्राप्त रकम को आपस में बांट लेते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ थाना कटरा में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है। गौरतलब है कि गिरफ्तार शातिरों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष वैद्यनाथ सिंह, उपनिरीक्षक चंद्रभान सिंह, विनोद शास्त्री समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

