*फिल्मी स्टाइल में वारदात को दिया अंजाम
लालगंज, मीरजापुर 31 मार्च (आरएनएस)। स्थानीय थाना क्षेत्र के बसही कलां गांव में बीती सोमवार की रात फिल्मी स्टाइल में एक महिला को बंधक बनाकर नकाबपोश बदमाशों ने सात लाख रुपए मूल्य के आभूषण व नगदी लेकर चले गए। जिस समय यह वारदात हुई उस समय घर में कमलेश मौर्य की पत्नी करिश्मा अकेली थी बाकी घर के सदस्य शादी समारोह में शामिल होने गये हुए थे। घटना की सूचना थाने पर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुट गई। वहीं बसही गांव के पीडि़त अलगू प्रसाद ने बताया 3 महीने पहले लगभग 3500 रुपए नगद एवं 10 लाख के जेवरात की चोरी हुई थी।
बता दें कि लालगंज थाना क्षेत्र के लहंगपुर चौकी अंतर्गत और दुबार कलां पुलिस चौकी क्षेत्र में पिछले वर्ष कई घरों और आभूषणों की दुकानों में चोरी की घटनाएं हुई थी, लेकिन किसी भी चोरी की घटना का खुलासा नहीं होने पर बदमाशों का हौसला बुलंद हैं। लहंगपुर व दुबार कलां बाजार में पुलिस गश्त बंद होने से ग्रामीणों के साथ व्यवसायी भय के साए में है। लहंगपुर चौकी क्षेत्र के ग्रामीणों व बाजारवासियों ने बताया कि जब से नये चौकी प्रभारी आये है तब से कभी कभार लहंगपुर बाजार में आते हैं। जब चौकी प्रभारी ही नहीं आते हैं तब पुलिस कहां से आयेगी। ग्रामीणों ने बताया कि दर्जनों गांवों को जोडऩे वाली सड़क पर देसी शराब की दुकान खुली हुई है शाम के समय शराबी रोड पर ही अपने वाहन खड़ा कर शराब का सेवन करते हैं। जिससे आये दिन कहासुनी के साथ मारपीट की घटनाएं होती है । लालगंज थाना क्षेत्र के बसही कला गांव की दूरी लालगंज थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। जहां पर नकाबपोश बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया है। इस संबंध में लालगंज के प्रभारी निरीक्षक अभय कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच पड़ताल कर घटना का खुलासा किया जाएगा। बताया की ग्रामीणों द्वारा कई तरह की बातें चर्चा में आ रही हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

