बगदाद,01 अपै्रल। पश्चिम एशिया में तनाव के बीच एक चिंतित करने वाली खबर आई है। युद्ध को कवर करते समय इराक के बगदाद में एक अमेरिकी महिला पत्रकार का अपहरण कर लिया गया है। सऊदी अरब के अल अरबिया ने बताया कि पत्रकार की पहचान शेली किटल्सन के रूप में हुई है। हालांकि, न तो अमेरिका और न ही इराकी अधिकारियों ने इस पहचान की पुष्टि की है। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
इराक के आंतरिक मंत्रालय ने एक बयान में घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि एक विदेशी पत्रकार का अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अपहरण कर लिया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, मंत्रालय ने कहा कि अपहरण में शामिल संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया और अपहरण में इस्तेमाल वाहन जब्त है। बताया जा रहा है कि वाहन भागने के दौरान पलट गया था, जिसके कारण उसे जब्त कर लिया गया। अमेरिकी अधिकारियों ने मामले पर कोई बयान नहीं दिया है।
शेली किटल्सन अमेरिका में जन्मी हैं और स्वतंत्र पत्रकार और फोटो पत्रकार हैं। शेली को मध्य पूर्व और अफगानिस्तान को कवर करने का व्यापक अनुभव है। किटल्सन के लेख अल-मॉनिटर, फॉरेन पॉलिसी, बीबीसी वर्ल्ड सर्विस, न्यू लाइन्स मैगज़ीन, पॉलिटिको और टीआरटी वर्ल्ड आदि में प्रकाशित होते हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 2010 के अंत में अफगानिस्तान में रेडियो वृत्तचित्रों का निर्माण करके की थी। उन्होंने 2012 में, पहली बार सीरिया में प्रत्यक्ष संघर्ष को रिपोर्ट किया था।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

