ऋषिकेश 2 अप्रैल (आरएनएस)। परीक्षा परिणाम में त्रुटियों को लेकर गुरुवार को एनएसयूआई कार्यकर्ता भड़क गए। नाराज कार्यकर्ताओं ने श्रीदेव सुमन विवि ऋषिकेश कैंपस कॉलेज में प्रदर्शन किया और प्रशासनिक भवन में ताला जड़कर धरने पर बैठ गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष हिमांशु जाटव समेत पांच छात्रों को हिरासत में ले लिया। बाद में उन्हें आईडीपीएल चौकी लेकर छोड़ा गया। इसके बाद पुलिस ने प्रशासनिक भवन का ताला खुलवाया। छात्रसंघ महासचिव अभिषेक कुमार त्रिसूलिया ने कहा कि विवि ने स्नातक प्रथम और द्वितीय सेमेस्टर के परिणाम जारी किए हैं, जिनमें काफी त्रुटियां हैं। अधिकांश छात्रों को बेहद कम अंक दिए गए हैं। वहीं, तृतीय और चतुर्थ सेमेस्टर के परिणाम वेबसाइट पर प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं। स्नातक तृतीय सेमेस्टर के छात्रों के अतिरिक्त विषय दर्शाए हैं। स्नातक बैक पेपर के परिणाम अभी तक जारी नहीं किए हैं, जिससे छात्रों में काफी असंतोष बना हुआ है। उपाध्यक्ष आयुष तडिय़ाल ने विवि प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। पूर्व अध्यक्ष हिमांशु जाटव ने कहा कि इतने साल बाद भी विवि की कार्य पद्धति नहीं सुधरी है। हर वर्ष परिणाम सहित अन्य खामियां बढ़ती जा रही हैं। ऐसे में उक्त समस्याओं को देखते हुए सभी विषयों की कॉपियों की रैंडम रीचेकिंग की जाए। छात्र नेता मानव रावत ने कहा कि शीघ्र विवि प्रशासन कार्रवाई नहीं करता है, तो कैंपस में संपूर्ण तालाबंदी के लिए वह मजबूर होंगे। आईडीपीएल पुलिस चौकी के एसआई निखिलेश बिष्ट ने बताया कि छात्रों को समझाने-बुझाने के लिए हिरासत में लिया गया था। प्रदर्शनकारियों में मानसी सती, रहन बंदोलिया, आर्यन भारती, गौरव जोशी, सुहानी, सृष्टि, शिवानी, इशांत, दीपक साहनी, अतुल, सुंदर, अखिल गुलियाल, आशीष, भव्या, अक्षय कुमार आदि छात्र छात्राएं उपस्थित थे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

