भिलाई, 06 अप्रैल (आरएनएस)। खरसिया-नवा रायपुर-परमालकसा नई रेलवे लाइन परियोजना को लेकर दुर्ग जिले में विरोध तेज हो गया है। सोमवार को पुरई गांव में सर्वे करने पहुंची राजस्व और रेलवे विभाग की टीम को किसानों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा।
करीब 18,658 करोड़ रुपये की इस परियोजना के तहत जिले के लगभग 14 गांवों की जमीन अधिग्रहित की जानी है। लेकिन मुआवजे की राशि और शर्तों को लेकर स्पष्ट जानकारी न मिलने से ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें भू-अर्जन अधिनियम के तहत चार गुना मुआवजा दिया जाए और परिवार के एक सदस्य को रेलवे में नौकरी दी जाए। साथ ही उन्होंने मुआवजा हेक्टेयर के बजाय वर्गफीट के हिसाब से तय करने की मांग भी रखी है।
सर्वे शुरू होने से पहले इन मांगों पर सहमति की मांग को लेकर बड़ी संख्या में किसान मौके पर जुट गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ती देख उतई पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और कुछ ग्रामीणों को थाने ले जाया गया।
फिलहाल, मुआवजे को लेकर असमंजस बना हुआ है, जिससे परियोजना की शुरुआत में ही विवाद खड़ा हो गया है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

