रायगढ़ 06 अप्रैल (आरएनएस)। जिले के कोतरारोड थाना क्षेत्र में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।
मिली जानकारी के अनुसार, 37 वर्षीय पीड़िता अपने पति के साथ किराए के मकान में रहती है। 4 अप्रैल की रात करीब 11:30 बजे वह अपने पति के साथ मेन रोड स्थित दुकान में सामान खरीदने गई थी। इसी दौरान ऑटो से पहुंचे आरोपियों ने महिला को अकेला समझकर जबरन दुकान के अंदर ले जाने का प्रयास किया।
पीड़िता के पति ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसे पकड़कर अलग कर दिया। इसके बाद तीन आरोपियों ने महिला के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
पीड़िता की शिकायत पर थाना कोतरारोड में मामला दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान मुन्ना गिरी (27), दीपक सिदार (23), जागेश्वर पटेल (32) और पिंटू निषाद (23) को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ऑटो वाहन को भी जब्त कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं फरार आरोपी योगेश सिदार की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला संबंधी अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और फरार आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

