गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 13 अप्रैल (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर-कटनी रेल सेक्शन पर रविवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन के पास कोयले से लदी एक मालगाड़ी अचानक दो हिस्सों में बंट गई। गनीमत रही कि लोको पायलट की सतर्कता से एक बड़ा रेल हादसा टल गया।
मिली जानकारी के अनुसार, पेंड्रा रोड और वेंकटनगर स्टेशन के बीच खैरझीटी बैरियर के पास अनूपपुर की ओर जा रही मालगाड़ी की कपलिंग अचानक टूट गई। इससे इंजन से जुड़े करीब 25 डिब्बे अलग होकर पीछे छूट गए और ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई।
तत्काल ब्रेक लगाकर रोकी ट्रेन
स्थिति को भांपते हुए लोको पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाए, जिससे ट्रेन को नियंत्रित कर लिया गया। अगर समय रहते ब्रेक नहीं लगाए जाते, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
रेलवे की टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद अलग हुए डिब्बों को सुरक्षित तरीके से दोबारा जोड़ा गया।
जांच जारी, संचालन सामान्य
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, कपलिंग टूटने के कारणों की जांच की जा रही है। मरम्मत के बाद मालगाड़ी को उसके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है। फिलहाल इस रूट पर रेल परिचालन सामान्य बना हुआ है।
०००5
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

