दुर्ग, 13 अप्रैल (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सोमवार सुबह महमरा घाट स्थित शिवनाथ नदी के एनीकेट में एक अज्ञात युवक का शव तैरता हुआ मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर जिला प्रशासन हरकत में आया और अग्निशमन विभाग व एसडीआरएफ की टीम को मौके पर भेजा गया। अधिकारियों के निर्देश पर पहुंची 9 सदस्यीय एसडीआरएफ टीम ने सुबह करीब 9:30 बजे बोट की मदद से शव को नदी से बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द किया।
3-4 दिन पुराना शव, पहचान अब तक नहीं
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि शव करीब 3 से 4 दिन पुराना है और काफी सड़ चुका है, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। मृतक के पास से कोई पहचान पत्र या सामान बरामद नहीं हुआ है।
पहचान के लिए खंगाले जा रहे गुमशुदगी के रिकॉर्ड
पुलिस ने शव की पहचान के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही विभिन्न रिकॉर्ड और रिपोर्ट का मिलान किया जा रहा है।
मौत के कारणों पर संशय
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

