० बस्तर मुन्ने कार्यक्रम अंतर्गत शिविर आयोजन के लिए दिए दिशा निर्देश
कोण्डागांव, 13 अप्रैल (आरएनएस)। कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने सोमवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने बैठक में बस्तर मुन्ने कार्यक्रम, स्वस्थ बस्तर अभियान और जनगणना के कार्यो के बेहतर संचालन के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही राजस्व पखवाड़ा में प्राप्त आवेदनों और उनके निराकरण की भी विस्तृत समीक्षा की।
कलेक्टर ने राज्य शासन द्वारा बस्तर में योजनाओं के शत-प्रतिशत सेचुरेशन के लिए शुरू की गई बस्तर मुन्ने कार्यक्रम के बेहतर आयोजन के संबंध में सभी अधिकारियों को आवश्यक तैयारी हेतु निर्देशित किया। साथ ही आज शुरू हुई मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी ग्रामीणों का डोर टू डोर स्वास्थ्य सर्वे कार्य का बेहतर संचालन करें। इसके अलावा उन्होंने सभी छात्रावासों में भी बच्चों के स्वास्थ्य जांच हेतु निर्देशित किया। उन्होंने जिले में टीबी स्क्रीनिंग कार्य के प्रगति की भी जानकारी ली और गांव-गांव में स्क्रीनिंग कर एक्टिव केस के नियमित मॉनिटरिंग करते हुए इलाज के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी माह से शुरू हो रहे जनगणना कार्य को पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने हेतु भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही उक्त सभी कार्यक्रमों को लेकर गांव-गांव में मुनादी कराने और लोगों को जागरूक करने को भी कहा।
कलेक्टर ने बैठक में संपूर्णता अभियान के तहत विभिन्न इंडिकेटर्स में सम्बंधित विभागों के प्रगति की भी समीक्षा की। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों सहित अन्य अधोसंरचना विकास के लिए निर्माणाधीन कार्यों की विस्तृत समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समय सीमा में कार्य पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री पोषण अभियान, जल जीवन मिशन सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। इस अवसर पर डीएफओ चुड़ामणी सिंह जिला पंचायत के सीईओ अविनाश भोई सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

