:-कब्जे व निशानदेही से चोरी की बोलेरो, ट्रैक्टर व ट्राली बरामद
गोण्डा 15 अप्रैल। थाना नवाबगंज पुलिस टीम द्वारा एक अन्तरजनपदीय वाहन चोर गिरोह के 3 सदस्यों-1. रामतेज यादव उर्फ रिंकू पुत्र अमर सिंह यादव, निवासी ग्राम सुरिया मऊ नया पुरवा थाना गौसाईगंज जनपद लखनऊ, 2. अमन कुमार पुत्र दिनेश कुमार निवासी ग्राम कल्लू पुरवा थाना कुर्सी जनपद बाराबंकी,3. फुरकान पुत्र जलालुद्दीन निवासी ग्राम बसहा थाना गुडम्बा कुर्सी रोड जनपद लखनऊ को कोल्ड स्टोर मोड़ के पास से गिरफ्तार कर उनके कब्जे व निशानदेही से 1 अदद चोरी की बोलेरो, 1 अदद महिन्द्रा ट्रैक्टर व 1 अदद ट्राली बरामद की गयी।
मिली जानकारी के मुताबिक
दिनांक 14.4.2026 को थाना नवाबगंज पुलिस द्वारा कोल्ड स्टोर चौराहे पर संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग के दौरान एक सफेद बोलेरो वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, जिसमें सवार व्यक्तियों द्वारा भागने का प्रयास किया गया। नवाबगंज पुलिस द्वारा तत्परता दिखाते हुए वाहन को घेरकर उसमें सवार तीन अभियुक्तों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उक्त बोलेरो वाहन को जनपद सीतापुर के थाना रेऊसा क्षेत्र से दिनांक 12/13.04.2026 की रात्रि में चोरी किया गया था। साथ ही उन्होंने पूर्व में एक महिन्द्रा ट्रैक्टर मय ट्रॉली चोरी कर थाना क्षेत्र नवाबगंज के ग्राम रेहली के पास एक बाग में छिपाकर रखने की बात बताई। अभियुक्तों की निशानदेही पर बताए गए स्थान से एक महिन्द्रा ट्रैक्टर 265 डीआई (लाल रंग) मय ट्रॉली बरामद किया गया। जांच में दोनों वाहन चोरी के पाए गए, जिनके सम्बन्ध में जनपद सीतापुर के थाना रेऊसा व थाना रामपुर मथुरा में पूर्व से अभियोग पंजीकृत थे। थाना नवाबगंज पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तगणों के विरूद्ध गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर न्यायालय रवाना किया गया।
साथ ही पुलिस ने जानकारी दी कि पूछताछ के दौरान ज्ञात हुआ कि अभियुक्तगण ने दिनांक 12/13.04.2026 की रात्रि में थाना रेऊसा, जनपद सीतापुर क्षेत्र में एक व्यक्ति के घर के बाहर खड़ी बोलेरो गाड़ी को चोरी किया था। चोरी करने के पश्चात उक्त वाहन को अपने पास रखकर उसे बेचने के लिए उपयुक्त ग्राहक की तलाश कर रहे थे। साथ ही गिरफ्तार अभियुक्तगणों द्वारा लगभग 7-8 माह पूर्व अपने एक अन्य साथी राकेश के साथ मिलकर थाना रामपुर मथुरा, जनपद सीतापुर क्षेत्र के एक गांव से एक महिन्द्रा ट्रैक्टर 265 डीआई (लाल रंग) मय ट्रॉली चोरी की थी। चोरी करने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली को छिपाकर रखा गया था तथा उसे बेचने के लिए लगातार ग्राहक की तलाश की जा रही थी, किन्तु कोई खरीदार नहीं मिला। अभियुक्तगण के अनुसार उनके साथी राकेश की जनपद गोण्डा में कुछ व्यक्तियों से पहचान थी, जिसके कहने पर वे चोरी किए गए बोलेरो वाहन तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली को बेचने के उद्देश्य से जनपद गोण्डा लेकर आए। रास्ते में ट्रैक्टर-ट्रॉली को चलाने में असुविधा होने के कारण उन्होंने थाना नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम रेहली के पास एक सुनसान बाग में झाडिय़ों के बीच छिपाकर खड़ा कर दिया तथा बोलेरो वाहन से ग्राहक की तलाश में इधर-उधर घूम रहे थे। इसी दौरान दिनांक 14.04.2026 को कोल्ड स्टोर चौराहे पर पुलिस द्वारा की जा रही सघन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास किया, किन्तु पुलिस द्वारा घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। गिरफ्तार कर्ता टीम में थानाध्यक्ष अभय सिंह थाना नवाबगंज, उपनिरीक्षक विभव सिंह, हेड कांस्टेबल अभिषेक सिंह, हेड कांस्टेबल सुनील यादव, हेड कास्टेबल आनन्द सिंह, कांस्टेबल अतुल सिंह व
कांस्टेबल अखिलेश यादव शामिल रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

