सुल्तानपुर 20 अप्रैल (आरएनएस)। अमेठी के एलआईयू विभाग में तैनात हेड कांस्टेबल प्रतिभा पाण्डेय के साथ एटीएम फ्रॉड का मामला सामने आया है। जालसाजों ने उनका एटीएम कार्ड बदलकर 24 घंटे के भीतर 97,500 रुपये निकाल लिए। घटना के बाद नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पीडि़ता सुल्तानपुर स्थित महिला थाना परिसर में बने सरकारी आवास में अपने बच्चों के साथ रहती हैं। उनकी दो बेटियां शास्त्रीनगर के सरस्वती विद्या मंदिर में पढ़ती हैं। 6 अप्रैल को बेटियों के एडमिशन के लिए स्कूल पहुंची प्रतिभा पाण्डेय के पास पैसे कम पड़ गए, जिसके बाद वह मुख्य मार्ग स्थित आईडीबीआई बैंक के एटीएम पर पैसे निकालने पहुंचीं। बताया जा रहा है कि एटीएम के अंदर पहले से मौजूद दो अज्ञात व्यक्तियों ने मदद के बहाने उनका कार्ड अपने पास लेकर मशीन में लगाने की बात कही। इसी दौरान उन्होंने धोखाधड़ी करते हुए उनका एटीएम कार्ड बदल दिया और दूसरा कार्ड थमा दिया। उस समय पीडि़ता को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। घर लौटने के बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। जालसाज उनके खाते से 97,500 रुपये निकाल चुके थे। नगर कोतवाल संदीप राय ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस एटीएम के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एटीएम इस्तेमाल करते समय किसी अजनबी की मदद न लें और अपने कार्ड व पिन की जानकारी गोपनीय रखें।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

