तीन मंजिला इमारत जली, लाखों की शराब का नुकसान
प्रयागराज 20 अप्रैल (आरएनएस)। सिविल लाइन्स थाना क्षेत्र स्थित पत्रिका चौराहे पर देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते 15 फीट ऊंची लपटों ने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में दो रेस्टोरेंट के साथ एक अंग्रेजी मॉडल शॉप लाखों की शराब के साथ पूरी तरह जलकर खाक हो गए, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि आग पत्रिका चौराहे पर स्थित अंग्रेजी वाइन शॉप की बिल्डिंग में लगी थी। यह बिल्डिंग तीन मंजिला थी, जिसमें बेसमेंट और फस्र्ट फ्लोर पर रेस्टोरेंट संचालित हो रहे थे, जबकि ग्राउंड फ्लोर पर अंग्रेजी मॉडल शॉप की दुकान थी। आग लगने के बाद कुछ ही देर में बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और फस्र्ट फ्लोर पूरी तरह आग की चपेट में आ गए और देखते ही देखते सब कुछ जलकर राख हो गया।
पत्रिका चौराहा स्थित नारायण रेस्टोरेंट की तीन मंजिला बिल्डिंग में लगी आग में कुर्सी, टेबल, फ्रीज, प्लास्टिक समेत लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। मौके पर दमकल की तीन गाडिय़ों ने आग पर पाया काबू। यह नारायण रेस्टोरेंट कटरा के रहने वाले दिनेश चंद्र का है।
घटना की सूचना रात करीब 2:30 बजे फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग की भयावहता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की चार गाडिय़ों को मौके पर लगाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद करीब चार घंटे में आग पर काबू पाया जा सका।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें काफी ऊंचाई तक उठ रही थीं, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। प्रशासन और फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करने में जुटी हुई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

