सुलतानपुर 23 अप्रैल (आरएनएस)। पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चोरी और एटीएम धोखाधड़ी की वारदातों में शामिल एक अंतरजनपदीय गिरोह के तीन शातिर अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 9 एटीएम कार्ड, ?24,400 नकद और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक चारू निगम के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अखण्ड प्रताप सिंह के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत थाना कोतवाली नगर पुलिस ने यह कार्रवाई की। गुरुवार सुबह करीब 05:35 बजे पुलिस टीम ने सौरमऊ बाईपास सर्विस लेन के पास दबिश देकर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार अभियुक्त मो0 आकिब, मोहम्मद सारिफ और मोहम्मद फरहान जो जनपद प्रतापगढ़ के निवासी हैं, विभिन्न थानों में दर्ज कई मामलों में वांछित चल रहे थे। इन पर सुलतानपुर के कोतवाली नगर, गोसाईगंज और बंधुआकलां थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं और ये लंबे समय से चोरी व एटीएम धोखाधड़ी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है। इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार राय, उप-निरीक्षक जितेन्द्र यादव, पंकज कुमार, वैभव त्रिपाठी समेत कांस्टेबल रजत सचान और दिग्विजय सिंह की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है और आम जनता में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

